बॉलीवुड के मशहूर एक्टर, डायरेक्टर और प्रोड्यूसर टीनू आनंद को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। उनके सेहत को लेकर फैंस काफी परेशान थे। 81 साल के टीनू आनंद को हाल ही में मुंबई के अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उन्हें बेहद गंभीर चोटें आई थीं। एक्टर की पांच पसलियां टूट गई थीं और इनमें से एक पसली की वजह से उनके फेफड़े में भी चोट आई थी। हालत गंभीर होने के कारण टीनू आनंद को ICU में रखा गया था। वहीं, अब उनकी सेहत को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। एक्टर को अब अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। फिलहाल टीनू आनंद खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज घर पर होगा। 

पांच पसलियां टूटने पर हुए थे ICU में भर्ती 

आपको बता दें, भले ही एक्टर अब खतरे से बाहर हैं, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें पूरी तरह से आराम करने की सलाह दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीनू आनंद की चोटें काफी गंभीर थीं। उनकी पांच पसलियों में फ्रैक्चर हुआ और एक टूटी हुई पसली फेफड़े तक पहुंच गई, जिससे फेफड़े में चोट आ गई। ऐसे में उन्हें इलाज के लिए मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चोट गंभीर होने के कारण उन्हें आईसीयू में रखा गया था। अब इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें डिस्चार्ज दे दिया है। एक्टर के वापस घर लौटने से उनके परिवार, दोस्त और चाहने वाले राहत की सांस ले रहे हैं। 

बेड रेस्ट पर एक्टर 

टीनू आनंद भले ही अस्पताल से घर लौट आए हों, लेकिन उनकी मुश्किलें अभी खत्म नहीं हुई हैं। चोटों की वजह से उन्हें अपने छोटे-छोटे काम करने में भी काफी दिक्कत होने वाली है। उनके लिए बिस्तर से उठना, सीधे बैठना और करवट लेकर लेटना तक आसान नहीं होगा। शरीर में दर्द की वजह से फिलहाल एक्टर को काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है। डॉक्टरों ने उन्हें घर से बाहर न निकलने और पूरी तरह बेड रेस्ट करने की सलाह दी है। जल्दी रिकवरी के लिए घर पर ही फिजियोथेरेपी भी कराई जा रही है। 

इधर एक्टर बेड पर उधर अधूरा पड़ा है काम 

आपको बता दें, एक तरफ तो टीनू आनंद अभी बेड रेस्ट पर हैं, वहीं दूसरी तरफ उनके कुछ प्रोफेशनल काम अटके हुए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ फिल्म निर्माता उनसे कॉन्टेक्ट कर रहे हैं क्योंकि उनके कुछ प्रोजेक्ट्स की डबिंग अभी बाकी है। बताया जा रहा है कि इन प्रोजेक्ट्स की डेडलाइन नजदीक है और निर्माता चाहते हैं कि बचा हुआ काम जल्दी पूरा हो जाए। हालांकि, जैसे हालत बने हुए हैं उनमें टीनू आनंद के लिए डबिंग करना आसान नहीं होगा। चोटों के कारण उन्हें बोलने में भी परेशानी हो रही है। उनकी हालत को देखते हुए अभी आराम और इलाज सबसे ज्यादा जरूरी है।