UP SIR Voter list : उत्तर प्रदेश की चुनावी सियासत और विधानसभा चुनाव से जुड़ी बड़ी प्रशासनिक हलचल सामने आई है। निर्वाचन आयोग ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) प्रक्रिया के तहत राज्य की प्रारंभिक (ड्राफ्ट) मतदाता सूची प्रकाशित कर दी है। इस ताजा अपडेट के बाद प्रदेश में मतदाताओं की संख्या में 19 लाख का सीधा इजाफा हुआ है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने आज यानी 17 नवंबर 2026 को प्रेस वार्ता के जरिए इस नई सूची के आंकड़ों को सार्वजनिक किया। आंकड़ों के मुताबिक पहले प्रदेश में कुल 13.39 करोड़ मतदाता दर्ज थे, जो अब बढ़कर 13.58 करोड़ के पार पहुंच गए हैं।

श्रेणी मतदाताओं की संख्या

कुल पंजीकृत मतदाता 13,58,68,905

पुरुष मतदाता 7,38,58,510

महिला मतदाता 6,20,06,353

युवा मतदाता (18 से 19 वर्ष) 11,83,352

जनसंख्या अनुमान के मुकाबले ढाई करोड़ से ज्यादा मतदाता कम

भले मतदाता सूची में 19 लाख नए नाम जुड़े हैं, लेकिन जनसंख्या के अनुपात में अब भी बड़ा अंतर दिखाई दे रहा। ड्राफ्ट सूची के विश्लेषण से पता चलता है कि अनुमानित आबादी के हिसाब से उत्तर प्रदेश में अब भी 2 करोड़ 58 लाख 16 हजार 96 मतदाताओं के नाम सूची से बाहर हैं।

पुरुष मतदाताओं का अंतर : जनसंख्या के आकलन के अनुसार राज्य में 8 करोड़ 32 लाख 76 हजार पुरुष वोटर होने चाहिए थे, लेकिन वर्तमान सूची में यह संख्या 94 लाख 17 हजार 490 कम है।

महिला मतदाताओं में बड़ी गिरावट : महिलाओं के मामले में यह अंतर और भी ज्यादा चौंकाने वाला है। अनुमान के मुताबिक प्रदेश में 7 करोड़ 84 लाख 9 हजार महिला मतदाता होनी चाहिए थीं, मगर ड्राफ्ट लिस्ट में सिर्फ 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 352 महिलाओं के नाम ही दर्ज हैं। इस तरह 1 करोड़ 64 लाख 2 हजार 647 महिला मतदाता अभी भी सूची से नदारद हैं।

कब जारी होगी अंतिम मतदाता सूची?

ड्राफ्ट सूची का प्रकाशन : 17 नवंबर 2026

दावे और आपत्तियां दर्ज करने की अवधि : 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक

दावों और आपत्तियों का निपटारा : 28 दिसंबर 2026 तक

अंतिम (फाइनल) मतदाता सूची जारी होने की तारीख : 4 जनवरी 2027

छूटे हुए नाम जोड़ने के लिए भाजपा का मेगा अभियान

ड्राफ्ट लिस्ट सामने आते ही भारतीय जनता पार्टी ने जमीनी स्तर पर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सूची से बाहर रह गए 1 करोड़ 27 लाख पात्र नागरिकों के नाम जुड़वाने के लिए पार्टी ने आज से ही मतदाता जोड़ो अभियान-2026 की शुरुआत कर दी है। यह विशेष अभियान 17 नवंबर से शुरू होकर 16 दिसंबर तक पूरे एक महीने चलेगा। इसके तहत भाजपा ने प्रदेश के सभी 1 लाख 73 हजार 730 पोलिंग बूथों पर कम-से-कम 50-50 नए मतदाताओं के फॉर्म भरवाने का लक्ष्य तय किया है। इस रणनीति के जरिए पार्टी की योजना 86 लाख 86 हजार 500 नए वोटरों को आधिकारिक सूची में शामिल कराने की है।