रणबीर कपूर की 'रामायण' बॉक्स ऑफिस पर धमाका करने के बाद अब इंटरनेशनल लेवल पर अपनी पहचान बनाने जा रही है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म को 99वें अकादमी अवॉर्ड्स के लिए सबमिट किया गया है। ये सभी भारतियों और भारतीय सिनेमा के लिए वाकई एक बड़ी खबर है। रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की 'रामायण' अब ऑस्कर की रेस में शामिल हो सकती है। फिल्म के मेकर्स ने इसे 99वें अकादमी पुरस्कारों में विचार के लिए सबमिट कर दिया है। यानी अब इस कहानी को इंडियन फैंस के साथ दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म अवॉर्ड के मंच पर भी पहचान मिल सकती है। 

ऑस्कर की रेस में आएगी 'रामायण'?

आपको बता दें, इस वक्त 'रामायण' सिनेमाघरों में ताबतोड़ नोट छाप रही है। रामायण की कहानी को बड़े पर्दे पर देखने को लेकर पहले से ही फैंस में काफी एक्साइटमेंट थी। अब ऑस्कर की बात सुनकर तो फैंस की खुशी का ठिकाना ही नहीं रहा। इस खबर के सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल ये उठ रहा है कि जब भारत की ओर से मराठी फिल्म 'गोंधल' को इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी के लिए आधिकारिक तौर पर चुना जा चुका है, तो 'रामायण' ऑस्कर की दौड़ में कैसे शामिल हो सकती है? 

मराठी फिल्म की एंट्री के बाद कैसे मिलेगी जगह?

तो आपको बता दें, ऑस्कर में फिल्म भेजने के लिए कई तरीके हैं। भारत की ऑफिशियल एंट्री चुने जाने का मतलब ये नहीं है कि देश की दूसरी फिल्में ऑस्कर में विचार के लिए आवेदन नहीं कर सकतीं। निर्धारित पात्रता शर्तों (Specified Eligibility Criteria) को पूरा करने वाली फिल्में दूसरी केटेगरी में अपनी दावेदारी पेश कर सकती हैं। यही वजह है कि 'रामायण' के मेकर्स भारत की ऑफिशियल एंट्री नहीं होने के बावजूद फिल्म को ऑस्कर में विचार के लिए भेज सकते हैं। हालांकि, फिल्म का सबमिट होना और ऑस्कर नॉमिनेशन या अवॉर्ड मिलना अलग-अलग बातें हैं।

ऑस्कर तक पहुंचने के लिए क्या हैं शर्तें?

ऑस्कर में जगह बनाने के लिए फिल्मों को कुछ जरूरी नियमों का पालन करना होता है। सामान्य केटेगरी में दावेदारी के लिए फिल्म का अमेरिका के लॉस एंजिलिस, न्यूयॉर्क, सैन फ्रांसिस्को बे एरिया, शिकागो, डलास-फोर्ट वर्थ या अटलांटा में कम से कम लगातार सात दिनों तक कमर्शियल सिनेमाघरों में परफॉर्म करना जरूरी है। इस दौरान रोजाना कम से कम 3 शो होने चाहिए और उनमें से 1 शो शाम 6 से 10 बजे के बीच शुरू होना चाहिए। इन शर्तों को पूरा करने के बाद फिल्म के मेकर्स अकादमी के सामने अपनी एंट्री जमा कर सकते हैं।