Imran Masood Statement on Akhilesh Yadav : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होने से पहले ही विपक्षी खेमे में बड़ी दरार पड़ती नजर आ रही है। राज्य में समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान अब खुलकर सड़क पर आ गई है। सूत्रों के मुताबिक सपा ने कांग्रेस को महज 26 सीटों पर चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया है। इससे कांग्रेस खेमे में भारी नाराजगी है। इसी बीच बिना आपसी सलाह-मशविरे के सपा द्वारा 5 उम्मीदवारों की सूची जारी किए जाने से यह विवाद और गहरा गया है।
हमारी कब्र पर ताजमहल बनाने की कोशिश करेगा तो हम हाथ-पैर जरूर मारेंगे: इमरान
इस घटनाक्रम पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने समाजवादी पार्टी के नेतृत्व पर सीधा निशाना साधा है। बुधवार को एक समाचार चैनल से बातचीत के दौरान मसूद ने कहा कि कांग्रेस कोई भिखारी नहीं है, जो अखिलेश यादव की तरफ से कुछ मिलने का इंतजार करे। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सपा कांग्रेस को इस नजरिए से कैसे देख सकती है। मसूद ने कहा कि सपा को कांग्रेस के साथ की जरूरत नहीं है तो फिर इस गठबंधन को यहीं 'टाटा बाय-बाय' कह देना चाहिए। उन्होंने पुराने चुनावी आंकड़ों की याद दिलाते हुए कहा कि जब अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे, तब भी कांग्रेस ने 105 से 107 सीटों पर चुनाव लड़ा था। मसूद के अनुसार अखिलेश यादव दोबारा मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे तो उन्हें कांग्रेस को पूरा सम्मान देना होगा। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि कोई हमारे गले पर पैर रखकर हमारी ही कब्र पर ताजमहल बनाने की कोशिश करेगा तो सांस घुटने पर हम हाथ-पैर जरूर मारेंगे।
'तय करें कि लड़ाई भाजपा से है या कांग्रेस से'
सपा द्वारा एकतरफा 5 प्रत्याशियों के नाम घोषित करने पर नाराजगी जताते हुए कांग्रेस सांसद ने कहा कि जब बिना बातचीत ही टिकट बांटे जा रहे तो फिर गठबंधन की बैठकों का क्या औचित्य रह जाता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सपा चाहे तो राज्य की सभी 403 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दे, कांग्रेस को कोई आपत्ति नहीं होगी। मगर, गठबंधन धर्म निभाना है तो उम्मीदवारों की सूची संयुक्त रूप से जारी होनी चाहिए। उन्होंने इस बात पर भी ऐतराज जताया कि बंद कमरे की बैठकों की बातें और उम्मीदवारों की लिस्ट कांग्रेस तक पहुंचने से पहले मीडिया में लीक हो रहीं, जो गठबंधन के प्रति सपा की गंभीरता पर सवाल खड़े करती हैं। अपनी पार्टी की ताकत का अहसास कराते हुए इमरान मसूद ने कहा कि सपा की तरफ से बार-बार यह ताना मारा जाता है कि कांग्रेस के पास न तो कार्यकर्ता हैं और न बूथ पर बस्ता लगाने वाले लोग और उनकी जमानत तक जब्त हो जाती है। इस पर पलटवार करते हुए मसूद ने कहा कि भले हम शून्य हैं, लेकिन हम जिस अंक के पीछे लग जाते हैं, उसकी ताकत 10 गुना और 100 गुना कर देते हैं। उन्होंने सवाल किया कि सपा के पास अकेले चुनाव जीतने की गारंटी है तो वे अब तक मुख्यमंत्री क्यों नहीं बन पाए। उन्होंने सहारनपुर का उदाहरण देते हुए दावा किया कि वहां सपा के विधायक कांग्रेस के समर्थन से ही जीते थे, इसलिए सपा को यह साफ करना चाहिए कि उसकी मुख्य लड़ाई भाजपा से है या कांग्रेस से।
सपा सांसद अवधेश प्रसाद का पलटवार
इमरान मसूद के इन तीखे बयानों पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि इमरान मसूद गठबंधन के मामलों में फैसला लेने के लिए अधिकृत नहीं हैं। अवधेश प्रसाद ने कहा कि सपा में अंतिम निर्णय लेने का अधिकार केवल अखिलेश यादव के पास है, जबकि कांग्रेस में यह अधिकार राहुल गांधी के पास है। इनके अलावा बाकी नेताओं के बयान केवल हवा-हवाई बातें हैं। सपा की ओर से 5 उम्मीदवारों के नाम जारी करने का बचाव करते हुए अवधेश प्रसाद ने तर्क दिया कि मौजूदा विधायकों को दोबारा टिकट देने पर किसी को एतराज नहीं होना चाहिए। उन्होंने मसूद के गुस्से को उनकी निजी राय बताते हुए कहा कि अब तक उम्मीदवारों के नामों पर नहीं, बल्कि केवल सीटों की संख्या पर चर्चा हुई है। अवधेश प्रसाद ने भरोसा जताया कि साल 2024 के लोकसभा चुनाव में बना सपा और कांग्रेस का गठबंधन 2027 के विधानसभा चुनाव में भी मजबूती से कायम रहेगा और बहुत जल्द होने वाली अगली बैठक में सीटों के बंटवारे का मामला अंतिम रूप से सुलझा लिया जाएगा।