समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को लखनऊ के लोहिया पार्क में डॉ. राममनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधा।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा ने हर विधानसभा क्षेत्र में सपा समर्थकों के नाम कटवाए और अपने पक्ष में फर्जी मतदाताओं के नाम जुड़वाए। उन्होंने कहा कि SIR का उद्देश्य फर्जी वोट हटाना और किसी भी योग्य मतदाता को सूची से बाहर होने से बचाना था। लेकिन, उनके मुताबिक, इसके बाद भी कई विधानसभा क्षेत्रों में एक ही व्यक्ति के नाम पर दो से लेकर दस तक वोट दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि सपा ऐसे मामलों की सूची जारी करेगी।

आजमगढ़ सदर सीट का क्यों किया जिक्र?

सपा प्रमुख ने दावा किया कि लखनऊ की सरोजनीनगर सीट के दशरथ और सुल्तानपुर के नंदना निषाद के जाली हस्ताक्षरों का इस्तेमाल कर उनके नाम कटवाने के लिए कई फॉर्म भरे गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आजमगढ़ सदर सीट पर विकास यादव के नाम से दस जगहों पर मतदाता प्रविष्टियां हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी सभी 403 सीटों पर भाजपा की कथित चुनावी गड़बड़ियों को सफल नहीं होने देगी।

भाजपा के इशारे पर काम कर रहा चुनाव आयोग: अखिलेश

उन्होंने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाए। अखिलेश ने आरोप लगाया कि आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है और उसका रवैया भेदभावपूर्ण है। उन्होंने कहा कि SIR पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए और पूरा प्रशासन लगाया गया, लेकिन इसके बावजूद मतदाता सूची में गड़बड़ियां बनी हुई हैं। अखिलेश यादव ने दावा किया कि मुख्यमंत्री ने चुनाव आयोग से हर विधानसभा क्षेत्र में 200-200 वोट बढ़ाने को कहा। उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री चुनाव आयोग को ऐसे निर्देश कैसे दे सकते हैं।

सपा प्रमुख ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक असमानता पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि डॉ. राममनोहर लोहिया की ‘दाम बांधो नीति’ को लागू कर जरूरी वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित किया जाएगा। उनके मुताबिक, सपा की सरकार बनने पर महंगाई रोकने के लिए इस नीति पर काम होगा।

अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसते हुए आरोप लगाया कि पार्टी अपने लोगों को पुलिस की वर्दी पहनाकर दिल्ली के आंदोलन में आगे कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि खाली बसों में उत्तर प्रदेश से लोगों को दिल्ली पहुंचाया गया।